रायपुर , सितंबर 27 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर और वेनिंगटन होटल का एक कर्मचारी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बनकर धमकी दी गई और उनसे रंगदारी की मांग की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शोएब ढेबर और होटल कर्मचारी की कथित भूमिका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया।

जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपियों ने कथित तौर पर अन्य लोगों को भी धमकी दी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे प्रकरण में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े थे तथा धमकी देने का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ था। जांच के आधार पर मामले में कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित