चंडीगढ़ , सितंबर 15 -- पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी करमवीर सिंह को कनाडा से निर्वासन के बाद नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हिरासत में लिया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि करमवीर सिंह ने अमेरिका में अनमोल बिश्नोई को कथित तौर पर रसद संबंधी मदद और ठिकाना उपलब्ध कराया था। वह एसएएस नगर के स्टेट क्राइम थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था। एजीटीएफ पंजाब ने तीन सितंबर 2026 को उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था।

श्री यादव ने कहा कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, शस्त्र अधिनियम सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं।पुलिस के मुताबिक, मामले की आगे जांच कर करमवीर सिंह के व्यापक आपराधिक नेटवर्क और उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है।

पंजाब पुलिस ने कहा कि विदेशों में सक्रिय वांछित अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित