मुंबई , जून 18 -- इंजीनियरिंग और ईपीसी कंपनी लॉयड्स इंजीनियरिंग वर्क्स लिमिटेड ने गुरुवार को स्टील इन्फ्रा सॉल्यूशंस कंपनी लिमिटेड में नियंत्रक हिस्सेदारी के अधिग्रहण की घोषणा की। लॉयड्स इंजीनियरिंग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह अधिग्रहण 1,220 करोड़ के इक्विटी मूल्यांकन पर किया गया है।
स्टील इन्फ्रा सॉल्यूशंस की स्थापना वर्ष 2017 में हुई थी। यह ढांचागत इस्पात समाधानों के डिजाइन, इंजीनियरिंग, निर्माण (फैब्रिकेशन), आपूर्ति और स्थापना (इरेक्शन) के क्षेत्र में कार्यरत है। कंपनी ने तकनीकी रूप से जटिल ढांचागत अभियांत्रिकी परियोजनाओं में देश में अपना अलग स्थान बनाया है। उसने 22 राज्यों में 187 परियोजनाओं को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इनमें दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1, जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, द्वारका कन्वेंशन सेंटर, राउरकेला का अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम तथा बेंगलुरु का इंटरनेशनल टेक पार्क जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।
देशभर में स्टील इन्फ्रा सॉल्यूशंस की छह फैब्रिकेशन इकाइयां और चार इन-हाउस इंजीनियरिंग एवं डिजाइन केंद्र है। उसके पास सालाना लगभग एक लाख टन ढांचागत इस्पात फैब्रिकेशन क्षमता है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने लगभग 817 करोड़ रुपये का परिचालन राजस्व, 92 करोड़ रुपये का परिचालन लाभ और 44 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। कंपनी के पास वर्तमान में लगभग 1,134 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक है। लॉयड्स इंजीनियरिंग वर्क्स के पास प्रिसीजन हेवी स्ट्रक्चरल फैब्रिकेशन, औद्योगिक उपकरण, रक्षा, विद्युत इंजीनियरिंग और ईपीसी क्षेत्रों में क्षमताएं हैं। पिछले सात वर्षों में कंपनी ने उल्लेखनीय विकास किया है। उसका राजस्व 3,000 करोड़ रुपये से अधिक है। कंपनी के पास 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की ऑर्डर बुक तथा लगभग 12,800 करोड़ रुपये का बाजार पूंजीकरण है।
इस सौदे में नकद और इक्विटी दोनों माध्यमों से भुगतान किया जायेगा। अधिग्रहण के बाद लॉयड्स इंजीनियरिंग वर्क्स की योजना स्टील इन्फ्रा सॉल्यूशंस की क्षमता को बढ़ाकर दो लाख टन सालान तक पहुंचाने की है जिससे वह देश की सबसे बड़ी ढांचागत इस्पात फैब्रिकेशन कंपनी बन जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित