जयपुर , फरवरी 24 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने कहा है कि लैक्रोज खेल को राज्य खेल में सम्मिलित किये जाने और जनजातीय विभाग के अंतर्गत इस खेल प्रोत्साहन के लिए विशेष प्रावधान के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
श्री बागडे से मंगलवार को यहां लोकभवन में लैक्रोज खेल के खिलाड़ियों ने मुलाकात की और इस दौरान उन्होंने यह बात कही। उन्होंने इसके लिए लैक्रोज को राज्य खेल में सम्मिलित करने के लिए अधिकारियों को प्रस्ताव बनाकर भेजे जाने और त्वरित कार्यवाही किये जाने के भी निर्देश दिये हैं।
श्री बागडे ने लैक्रोज खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें ओलंपिक 2028 में भारत के लिए इस खेल में स्वर्ण पदक प्राप्त करने के लिए हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल के साथ साथ पढ़ाई को भी प्राथमिकता दें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेलते समय जीत के लक्ष्य को केंद्र में रखने, चपलता के अंतर्गत निरंतर अभ्यास करने और एकाग्र होकर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आह्वान किया। उन्होंने ओलंपिक से पहले अप्रैल में चीन में होने वाले खेलों में भी अच्छे प्रदर्शन और देश को गौरवान्वित किये जाने के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।
राज्यपाल ने पूर्व में खिलाड़ियों द्वारा इस खेल में राष्ट्रीय स्तर पर किये जा रहे बेहतर प्रदर्शन, राजस्थान की टीम को राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल लाने की सराहना भी की। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजीलाल मीणा, राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, खेल संघ अध्यक्ष अशोक परनामी भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित