बेरुत , मार्च 02 -- लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने हिजबुल्ला की सैन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा करते हुए इजरायल के साथ बढ़ते तनाव के बीच संगठन से अपने हथियार सौंपने का आग्रह किया है।
यह बयान ऐसे समय में आया है, जब इजरायल और हिजबुल्ला के बीच तनाव चरम पर है। हाल ही में हिजबुल्ला ने उत्तरी इजरायल के हाइफा में एक सैन्य ठिकाने पर रॉकेट और ड्रोन दागा था। इसके बाद इजरायली लड़ाकू विमानों ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर हवाई हमले किये थे।
ईरान समर्थित इस संगठन ने कहा कि यह हमला ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के प्रतिशोध में किया गया था और इसे लेबनान तथा वहां के लोगों की रक्षा के लिए की गयी कार्रवाई बताया है।
संगठन ने यह चेतावनी भी दी कि इजरायल बिना किसी प्रतिशोध का सामना किये अपना लंबा सैन्य अभियान जारी नहीं रख सकता। उसने इजरायली सेना से अपना अभियान समाप्त करने और उन क्षेत्रों से हटने का आह्वान किया, जिन्हें उसने कब्जे वाले लेबनानी क्षेत्र बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित