यरूशलम/बेरुत, 16मई (वार्ता) इजराइल की सेना ने अमेरिका में इजरायल और लेबनान के बीच 45 दिनों के युद्धविराम विस्तार पर सहमति बनने के ठीक एक दिन बाद शनिवार को दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर ताजा हवाई हमले किये हैं।
इजराइली सेना ने एक बयान में कहा, "इजरायली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने दक्षिणी लेबनान के कई क्षेत्रों में हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचा स्थलों पर हमले शुरू कर दिए हैं।"लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी 'नेशनल न्यूज एजेंसी' (एनएनए) के अनुसार, आईडीएफ ने दक्षिण के कम से कम पांच गांवों को निशाना बनाया। इन हमलों से पहले संबंधित क्षेत्रों से निवासियों का बड़े पैमाने पर पलायन शुरू हो गया, जो दक्षिणी शहर सिडोन और राजधानी बेरुत की ओर जा रहे हैं।
इजरायली सेना ने हवाई हमलों से पहले सिडोन और नबातिये क्षेत्रों के नौ गांवों के निवासियों को इलाका खाली करने की चेतावनी जारी की थी।
ईरान समर्थित समूह हिजबुल्लाह इन वार्ताओं का शुरू से विरोध करता रहा है। समूह ने 17 अप्रैल से प्रभावी हुए युद्धविराम समझौते का पालन करने से इनकार कर दिया है, जबकि उसने पहले इसका सम्मान करने का वादा किया था। हिजबुल्लाह ने उत्तरी इसराइल और दक्षिणी लेबनान में तैनात आईडीएफ के खिलाफ अपने हमले जारी रखे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित