बेरूत , जून 14 -- इजरायल ने शनिवार को लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहियेह में हवाई हमला किया, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी और 15 लोग घायल हो गये। इजरायल ने दावा किया कि यह कार्रवाई हिजबुल्ला द्वारा उत्तरी इजरायल की ओर ड्रोन दागे जाने के जवाब में की गयी।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने संयुक्त बयान में कहा कि सेना ने दहियेह में हिजबुल्ला के "आतंकी ठिकानों" को निशाना बनाया है। बयान में कहा गया, "इजरायल अपने क्षेत्र पर किसी भी तरह की गोलीबारी या हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा।"इससे कुछ घंटे पहले हिजबुल्ला ने उत्तरी इजरायल की ओर कई ड्रोन भेजे थे। इजरायली अधिकारियों के अनुसार इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।

लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी एनएनए के अनुसार इजरायली, हमला दहियेह के गोबेरी इलाके में एक इमारत पर हुआ। हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि 15 अन्य घायल हुए हैं। आसपास की इमारतों और दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

लेबनानी सिविल डिफेंस एजेंसी ने बताया कि मलबे से तीन शव निकाले गये हैं और राहत एवं बचाव अभियान अभी भी जारी है। इजरायली सेना ने दावा किया कि जिस इमारत को निशाना बनाया गया वह हिजबुल्ला का कमांड सेंटर था, जहां से संगठन इजरायली नागरिकों और दक्षिणी लेबनान में तैनात इजरायली सैनिकों के खिलाफ गतिविधियों की योजना बना रहा था।

इजरायली ब्रॉडकास्टिंग अथॉरिटी के अनुसार यह हमला दो लड़ाकू विमानों ने किया, जिन्होंने चार गाइडेड मिसाइलें दागीं।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल में हुए युद्धविराम समझौते के बावजूद इजरायल और हिजबुल्ला के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। लेबनान का आरोप है कि इजरायल युद्धविराम का बार-बार उल्लंघन करते हुए दक्षिणी लेबनान में सैन्य कार्रवाई और हवाई हमले जारी रखे हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित