श्रीनगर , सितंबर 11 -- उत्तरी कमान के सेना अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने शुक्रवार को छात्रों से बड़े सपने देखने और अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।

वह आर्मी गुडविल स्कूल और भारती एयरटेल फाउंडेशन के बीच एक दशक लंबी शैक्षणिक साझेदारी के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आर्मी गुडविल पब्लिक स्कूल, पहलगाम में छात्रों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यालय उत्तरी कमान ने इस साझेदारी के दशक को याद करते हुए जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और बेहतर अवसर पैदा करने की भारतीय सेना की निरंतर प्रतिबद्धता का जिक्र किया।

इस विशेष कार्यक्रम में उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, भारती एयरटेल फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष राकेश भारती मित्तल और एडब्ल्यूडब्ल्यूए की क्षेत्रीय अध्यक्ष शिनी शर्मा के अलावा भारतीय सेना तथा फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

उत्तरी कमान के रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने बताया कि इस 10 वर्ष के जुड़ाव के दायरे और प्रभाव में व्यापक विस्तार हुआ है। शुरुआत में 14 विद्यालयों से शुरू हुई यह साझेदारी अब क्षेत्र के सभी 43 आर्मी गुडविल स्कूलों तक पहुंच चुकी है। इसका मुख्य उद्देश्य संस्थागत नेतृत्व, कक्षा प्रथाओं, शैक्षणिक प्रबंधन और शिक्षकों की क्षमताओं को मजबूत करना है, साथ ही प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षण और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) के क्रियान्वयन को बढ़ावा देना है।

छात्रों में रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है। आर्मी गुडविल स्कूल के इनोवेशन क्लबों ने 160 से अधिक विद्यार्थी नेतृत्व वाली परियोजनाओं को सक्षम बनाया है, जिसके तहत छात्रों ने इसरो के 'युविका', 'इंसपायर-मानक' और 'यंग साइंटिस्ट इंडिया' जैसे राष्ट्रीय मंचों में भाग लिया है।

संबोधन के दौरान श्री शर्मा ने अपने छात्र जीवन के अनुभव और परिस्थितियों से उबरने के संघर्ष को साझा किया। उन्होंने कहा, "मैं भी उत्तर प्रदेश की एक बहुत छोटी-सी जगह से आता हूं। जब मेरी शिक्षा का समय आया, तो मेरी मां बहुत चिंतित थीं, क्योंकि उस जगह कोई विद्यालय नहीं था, केवल पाठशालाएं थीं। वहां बैठने के लिए कोई बेंच या कुर्सियां नहीं होती थीं और छात्र अपनी लकड़ी की तख्ती लेकर जाते थे। मैं उसी परिवेश से निकला हूं।"उन्होंने छात्रों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का आग्रह किया। क्षेत्र में शांति बनाये रखने और लोगों की उम्मीदों को पूरा करने का भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा, "जम्मू-कश्मीर के लोगों से हमारा वादा है- आपकी शांति हमारा मकसद है, आपके सपने हमारा मिशन हैं और आपकी सफलता हमारा गर्व।"भारती एयरटेल फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष राकेश भारती मित्तल ने अगले दशक के लिए भी समर्थन जारी रखने की प्रतिबद्धता जतायी। उन्होंने पुस्तकालयों के लिए पुस्तकें, खेल प्रशिक्षण, अतिरिक्त स्मार्ट कक्षाएं, उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति और 10वीं एवं 12वीं के मेधावी छात्रों के लिए नकद प्रोत्साहन जैसी नयी पहलों की घोषणा की।

एडब्ल्यूडब्ल्यूए की क्षेत्रीय अध्यक्ष शिनी शर्मा ने शिक्षकों और अभिभावकों से छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए मार्गदर्शन देने का आह्वान किया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से प्रत्येक परिवार में बालिका शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने और एक समावेशी समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित