चंडीगढ़ , मई 30 -- पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ( पीएसपीसीएल ) डिवीजन गुरदासपुर के प्रभारी लेखा शाखा के लेखाकार अमृतपाल सिंह को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि उक्त आरोपी को जिला गुरदासपुर के इस्लामाबाद निवासी एक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता पीएसपीसीएल विभाग से जूनियर इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुआ था और सेवानिवृत्ति के बाद उसके महंगाई भत्ते तथा वेतन निर्धारण (फिक्सेशन) के बकाया विभाग के पास लंबित थे। इस संबंध में वह अपने बकाये प्राप्त करने के लिए पीएसपीसीएल. डिवीजन गुरदासपुर के प्रभारी लेखा शाखा के लेखाकार अमृतपाल सिंह से मिला।
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी लेखाकार ने शिकायतकर्ता के बकाये जारी करने के लिए 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी लेखाकार को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया।
इस संबंध में सतर्कता ब्यूरो थाना अमृतसर में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित