हरदोई , मई 9 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में कथित रुप से प्रशासनिक उत्पीड़न से त्रस्त एक किसान ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। किसान ने मरने से पहले अपनी शर्ट पर गांव के लेखपाल का नाम लिखकर उसे अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूरा बहादुर गांव निवासी किसान रणवीर सिंह (56) का शव शनिवार सुबह खेत में लगे सागौन के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि रणवीर सिंह और उनके परिवार के नाम लगभग 50 बीघा कृषि भूमि है, जिसमें से करीब 14 बीघा जमीन चकबंदी प्रक्रिया के दौरान राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं हो सकी थी। इसी समस्या के समाधान के लिए वह पिछले करीब एक वर्ष से राजस्व विभाग और लेखपाल के चक्कर लगा रहे थे।
मृतक के परिजनों के अनुसार रणवीर सिंह ने आत्महत्या से पहले अपनी शर्ट पर पेन से "लेखपाल अरुणेश यादव के कारण" लिख दिया था। मृतक के भतीजे गोपाल सिंह ने आरोप लगाया कि लेखपाल अरुणेश यादव ने जमीन संबंधी कार्य कराने के नाम पर करीब 20 हजार रुपये लिए थे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लेखपाल ने उनके चाचा को कई बार अपमानित किया और एक बार उन्हें "पागल" कहकर भगा दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित