नयी दिल्ली , मई 26 -- उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्से भीषण गर्मी एवं लू की चपेट में हैं और पश्चिमोत्तर, मध्य और पूर्वी राज्यों में अगले कई दिनों तक गंभीर गर्मी की चेतावनी जारी की गयी है, जबकि उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों में मौसम बदलने के साथ ही तेज आंधी-बारिश के आसार हैं।

इस बीच बढ़ती गर्मी के कारण बहुत से स्थानों पर बिजली संकट गहरा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में 29 मई तक भीषण से अति भीषण लू चलने की संभावना है। दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में कुछ स्थानों पर अति भीषण गर्मी का अनुमान है। विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश में 26 और 27 मई के लिए कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बांदा, झांसी, महोबा, आगरा, जालौन और हमीरपुर समेत कई जिलों में भीषण लू चलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा हवाओं के असर से हालांकि 28 मई से तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश के साथ तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।

भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में बिजली संकट भी गहरा गया है। रविवार रात प्रदेश की बिजली मांग इस सीजन के उच्चतम स्तर 31,804 मेगावाट तक पहुंच गयी। यूपीपीसीएल अधिकारियों के अनुसार मांग-आपूर्ति के अंतर को पाटने के लिए एनर्जी एक्सचेंज से बिजली खरीदने की कोशिश की जा रही है, लेकिन बाजार में सरप्लस बिजली उपलब्ध नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जरूरत के अनुसार बिजली खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित