पटना , मई 29 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की घटना में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को आलमगंज थाना में एक व्यक्ति द्वारा आवेदन देकर बताया गया कि 23 मई को हाजीपुर जाने के क्रम में वह अगमकुंआ पुल के पास से एक सीएनजी ऑटो रिक्शा पर सवार हुआ था। ऑटो में पहले से एक व्यक्ति बैठा हुआ था। कुछ दूर जाने के बाद अभियुक्तों ने चाकू का भय दिखाकर पीड़ित से दो मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद लूट लिए।आरोपियों ने चाकू के बल पर पीड़ित से यूपीआई के माध्यम से 2000 रुपये भी ट्रांसफर करा लिए।

सूत्रों ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटे गए दोनों मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित