उमरिया , मई 21 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में लूट के जेवरात खरीदने के आरोप में गिरफ्तार सराफा व्यापारी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम पलझा में बाजार से लौट रहे सराफा व्यापारी संतोष सोनी से लूट की घटना हुई थी। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि लूट का सामान कटनी जिले के बरही निवासी सराफा व्यापारी बंटी ताम्रकार को बेचा गया था। पुलिस ने आरोपी सराफा व्यापारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके पास से लगभग एक किलो 50 ग्राम चांदी के जेवरात तथा 15 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए।

सूत्रों ने बताया कि आरोपी को थाना लाए जाने के दौरान उसके परिजन भी वहां पहुंच गए। परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने से पुलिस कर्मी उलझ गए और इसी दौरान आरोपी बंटी ताम्रकार पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित