धार , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में फरार एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टांडा थाना पुलिस ने लूट के चार प्रकरणों सहित कुल छह मामलों में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर विभिन्न मामलों में कुल 17 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एवं उप पुलिस अधीक्षक संजय कुमार रावत के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना और लगातार प्रयासों के आधार पर आरोपी सुखराम वसुनिया और संजय वसुनिया को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी थाना टांडा क्षेत्र में लूट के चार प्रकरणों के अलावा मारपीट तथा डकैती की तैयारी से जुड़े मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे। आरोपियों के विरुद्ध थाना टांडा में कुल छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय कुमार रावत, उपनिरीक्षक योगेन्द्रसिंह मावी, रामदास सोलंकी, रामसिंह हटीला तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित