ऊधमसिंह नगर , अप्रैल 24 -- उत्तराखण्ड की सितारगंज पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को गुरुवार रात कोबड़ी सफलता हाथ लगी है। जब पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मथुरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।
आरोपी लंबे समय से उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश में पहचान छिपाकर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार बदमाश का नाम चेतन सिंह बिष्ट (34) है और वह चांदनी चौक घुड़दौड़ा, कालीनगर, हल्द्वानी, नैनीताल का रहने वाला है। आरोप है किफरवरी, 2025 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सितारगंज क्षेत्र में एक परचून की दुकान से नगदी और तीन मोबाइल फोन लूट लिए थे।
विरोध करने पर दुकानदार पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उसके दो साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है जबकि आरोपी तब से फरार चल रहा था।
बताया जा रहा है कि कुमाऊं एसटीएफ को सटीक सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है और मथुरा रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। इसके बाद एसटीएफ निरीक्षक विकास चौधरी और सितारगंज कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेंद्र मुनियाल की अगुवाई में एक टीम ने कल देर रात को उसे दबोच लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ नैनीताल जिले में चोरी और लूट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वह उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में नाम और पहचान बदलकर रह रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित