लुधियाना , अक्टूबर 22 -- पंजाब में लुधियाना के दाद इलाके में बुधवार देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान दोस्तों केबीच हुए विवाद के बाद गोलीबारी में 34 वर्षीय राहुल शर्मा की मौत हो गई। राहुल को दो गोलियां लगीं। उसे डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

राहुल शहर में 'पंडित छोले-कुलचे' के नाम से मशहूर कुलदीप शर्मा का पुत्र था। कुलदीप शर्मा सिमेट्री रोड पर छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाते हैं। राहुल रोज एन्क्लेव, सिविल लाइंस का निवासी था।

सदर थाने के प्रभारी निरीक्षक जगदेव सिंह ने गुरुवार को बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दाद इलाके में एक घरमें जन्मदिन की पार्टी के लिए कई दोस्त एकत्र हुए थे। पार्टी की मेजबानी अखिल जोशी कर रहा था। इसी दौरान किसी बातको लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान पिस्तौल निकालकर गोलियां चलाई गईं। पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे हुई। मामले में अखिल जोशी मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। गगनदीप, परम और कुछ अज्ञात लोगों पर भी राहुल पर हमला करने का आरोप है। हत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारीने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गुरुवार को राहुल की हत्या पर दुख जताते हुए कहा कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पंजाब में हिंसा की ऐसी घटनाएं लगातार सामने आना लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

राजा वड़िंग ने कहा कि कारोबारी हो, व्यापारी हो या आम नागरिक, हर पंजाबी को अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के साथ जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि पंजाब को शांति, सुरक्षा और जवाबदेही चाहिए, न कि हर दिन हिंसा और त्रासदी की खबरें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित