जालंधर , अप्रैल 17 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह छापेमारी की। यह कार्रवाई लुधियाना स्थित उनके आवास पर की गई, जहां सुबह-सुबह ईडी की टीम पहुंची। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय पुलिस बल को भी मौके पर तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक, अरोड़ा के घर के अलावा उनके अन्य ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी जा रही है।

ईडी की टीम ने आज सुबह जालंधर के पॉश इलाके जीटीपी नगर में भी एक बड़े कारोबारी के आवास पर छापेमारी की है। ईडी की टीमें सुबह-सवेरे कारोबारी के घर पहुंचीं और फिलहाल दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच एजेंसी के अधिकारी पुलिस बल के साथ घर के अंदर मौजूद हैं और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह मामला 2024 में सामने आए एक कथित जमीन घोटाले से जुड़ा है। ईडी की जांच के अनुसार कैबिनेट मंत्री अरोड़ा और उनके करीबियों पर एक औद्योगिक प्लॉट को अवैध तरीके से अपनी कंपनी के नाम ट्रांसफर करने का आरोप है।

इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के नोताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, "यह लोकतंत्र नहीं, तानाशाही है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को पंजाब में एक या दो सीटें ही मिलती हैं और अब अपनी संख्या बढ़ाने के लिए वह ईडी और सीबीएसई जैसी एजेंसियों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पंजाब में कोई मजबूत नेता नहीं है, इसलिए वह अन्य पार्टियों से लोगों को शामिल कर रही है।

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है, वहां केंद्र सरकार फंड रोककर या अन्य तरीकों से उन्हें परेशान कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में आप के नेताओं पर झूठे केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में डराने-धमकाने की राजनीति चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित