नयी दिल्ली , मई 08 -- बिहार में लीची स्टिंग बग से फसल को हो रहे नुकसान को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर किसानों की शिकायत पर एक विशेषज्ञ कार्यबल (टास्क फोर्स) गठित किया गया है। मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार विशेषज्ञ कार्यबल प्रभावित इलाकों का दौरा कर रिपोर्ट और समाधान सुझाएगा।

विज्ञप्ति के अनुसार कृषि मंत्री के केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, लखनऊ में आयोजित कृषक संवाद कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को किसानों ने लीची स्टिंग बग के कारण फसल को हो रहे भारी नुकसान का मुद्दा उठाया था। इस पर श्री चौहान ने तत्काल संज्ञान लिया और विशेषज्ञ कार्यबल के गठन का निर्देश दिया।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर द्वारा कल ही जारी आदेश के अनुसार, यह टास्क फोर्स लीची स्टिंग बग की वर्तमान स्थिति का आकलन करेगा, प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगा, फसल क्षति का वैज्ञानिक अध्ययन करेगा और किसानों को राहत पहुंचाने के लिए तात्कालिक तथा दीर्घकालिक उपाय सुझाएगा। इसके साथ ही यह कार्यबल किसानों के लिए जरूरी परामर्श, विस्तार गतिविधियों और राज्य एवं केंद्र स्तर पर आवश्यक समाधान संबंधी सुझाव भी देगा।आदेश के अनुसार, इस विशेषज्ञ कार्यबल का गठन विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिकों, अधिकारियों और विशेषज्ञों को शामिल कर किया गया है। इसमें राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के निदेशक को अध्यक्ष बनाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित