होशियारपुर , जुलाई 14 -- पंजाब में होशियारपुर जिले के दसूया क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध आत्महत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

आरोप है कि लिव-इन रिलेशनशिप का विरोध करते हुए आरोपियों ने युवक को लगातार प्रताड़ित किया, जिससे परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक लखवीर, जो पेशे से चालक था, पिछले चार-पांच महीनों से दसूया के भट्टी दा पिंड गांव की एक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि युवती के रिश्तेदार बिल्ला, उसके चाचा (दोनों निवासी गांव नंगल बिहाला) तथा एक अज्ञात व्यक्ति इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। आरोप है कि तीनों लगातार लखवीर को परेशान कर रहे थे और घटना से दो-तीन दिन पहले उसके साथ मारपीट भी की थी। बताया गया कि 12 जुलाई को लखवीर ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ निगल लिया। पहले उसे सिविल अस्पताल दसूया ले जाया गया, जहां से निजी अस्पताल मुकेरियां रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए जालंधर ले जाते समय देर रात रास्ते में उसकी मौत हो गयी।

पुलिस के मुताबिक, मौत से पहले लखवीर ने अपने परिजनों को बताया था कि आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया। परिजनों ने उसका बयान वीडियो में भी रिकॉर्ड किया था।

मृतक के भाई की शिकायत पर दसूया थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित