दुर्ग , अगस्त 31 -- छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के भिलाई में नेहरू नगर चौक पर लिफ्ट मांगने के दौरान हुए विवाद में ढाबा संचालक शिव कुमार सिंह की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस से आज सुबह मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया, रुपेन्द्र निषाद और एक नाबालिग लड़की शामिल हैं। तीनों को अदालत में पेश किया गया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने बताया कि शिव कुमार सिंह (26) कैंप-1 के सुभाष चौक का रहने वाला था और चिचोला में मैत्री ढाबा चलाता था। वह भिलाई से चिचोला आना-जाना करता था। घटना 29-30 अगस्त की दरम्यानी रात करीब एक बजे नेहरू नगर चौक पर हुई।
शिव कुमार अपने दोस्त के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था और वहां से उसे चिचोला जाना था। रात अधिक होने के कारण उसने आगे जाने के लिए पहले एक ट्रक से लिफ्ट लेने की कोशिश की।
इसके बाद शिव कुमार ने सड़क से गुजर रही एक स्कूटी को रोकने का प्रयास किया। स्कूटी पर रुपेन्द्र निषाद, नाबालिग लड़की और विशाल निषाद उर्फ छाया सवार थे। स्कूटी रोकने की कोशिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया।
इसी दौरान आरोपियों ने शिव कुमार की जांघ के पास चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण काफी खून बह गया और उसकी हालत बिगड़ गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए विशाल निषाद उर्फ छाया, रुपेन्द्र निषाद और एक नाबालिग लड़की को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ विवाद की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित