सिवनी , मई 13 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने बुधवार को विकासखंड अधिकारी कार्यालय धनोरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 अरुण कुमार कुमरे को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

लोकायुक्त जबलपुर की पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले ने बताया कि आवेदक देवेंद्र कुमार सिरसाम, जो वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुनवारा में भृत्य पद पर पदस्थ हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि निलंबन अवधि के लगभग 14 माह के जीवन निर्वाह भत्ते की करीब एक लाख 65 हजार रुपये की राशि निकालने के एवज में आरोपी लिपिक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।

सूत्रों के अनुसार शिकायत के सत्यापन में आरोपी द्वारा 25 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमति जताई गई थी। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक बृजमोहन नरवरिया सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित