कोंडागांव , अगस्त 07 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित लिंगोपथ मार्ग पर आदनार गांव के समीप स्थित पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। पुल के धंस जाने के कारण इस मार्ग पर आवाजाही लगभग ठप हो गई है, जिससे विद्यार्थियों, ग्रामीणों और शासकीय कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, करीब आठ वर्ष पहले निर्मित यह सड़क आदिवासी बहुल क्षेत्र को जिला मुख्यालय और अन्य गांवों से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद स्कूली बच्चों को वैकल्पिक मार्ग से कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित