कांकेर , मार्च 26 -- छत्तीसगढ के कांकेर जिले में करसाड़ जात्रा की तैयारियां शुरू हो गई है। यह जात्रा अनुसूचित जनजाति (आदिवासियों) का पर्व है। करसाड़ जात्रा हर चौथे साल मनाई जाती है। स्थानीय मान्यता है कि जब से सृष्टि बनी तभी से यह पर्व मनाया जाता रहा है।
लिंगो देव समिति द्वारा इस बार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आमंत्रित किया गया है। आधुनिकता के दौर में भी यह मेला आदिवासी समाज की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए हुए है।
जिले के अंतागढ़ ब्लॉक में जात्रा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। लिंगों देव पूजा एवं मेला समिति के सदस्य राम सिंह कोरेटी के मुताबिक - "सात देव भाइयों के पारिवारिक मिलन का यह पर्व है। काला नाग और दूध नागिन की सात संतानें हुई थीं। सबसे छोटी संतान यहां स्थापित जिनकी पूजा स्थानीय आदिवासी करते हैं। सबसे छोटे भाई की शक्तियां ज्यादा थीं, इसलिए सभी बड़े भाई और उनकी पत्नियां यहां आती हैं। सेमरगांव परगना (43 गांवों का एक परगना) में तैयारियां जोरों है।
नक्सलियों का प्रभाव खत्म हो जाने के कारण इस बार पर्व और मेले में रौनक ज्यादा होगी की उम्मीद है स्थानीय लोगों को। जात्रा समिति ने जिला प्रशासन को तीन दिनों तक मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा को मुफ्त कर दिए जाने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों में इस बार पर्व को लेकर खासा उत्साह है।
यह आयोजन आदिवासी देवताओं के महाकुंभ के रूप में प्रतिष्ठित है। कांकेर जिले के सेमरगांव में दो से चार अप्रैल तक आदिवासी समाज के आराध्य पाटा गुरु लिंगो देव का भव्य करसाड़ जात्रा मेला आयोजित किया जाएगा। सेमरगांव स्थित लिंगो धाम आदिवासी समाज का पवित्र पेनस्थल है, जहां लिंगो देव को समाज का मार्गदर्शक, संरक्षक और गुरु का दर्जा प्राप्त है। मान्यता है कि लिंगो देव ने आदिवासी समाज को संगठित कर उनकी परंपराओं को संरक्षित किया।
करसाड़ जात्रा मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक संगम का भी प्रमुख केंद्र है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। मेले में देवी-देवताओं की डोलियां, आंगा, छतर और पारंपरिक प्रतीकों की भव्य उपस्थिति देखने को मिलेगी। मांदर, ढोल और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित