फर्रुखाबाद , मई 16 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के भूमि क्रय एवं अर्जन कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने दो लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शनिवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थित विभिन्न गांवों में भूमि खरीद और अभिलेखीय कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान पता चला कि कुछ राजस्व कर्मियों द्वारा कार्यों में अपेक्षित गंभीरता और गति नहीं बरती जा रही है, जिससे भूमि क्रय प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे शासन की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण परियोजना है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्य में लापरवाही पाए जाने पर लेखपाल नीवकरोरी प्रवीन दुबे तथा लेखपाल मदनपुर महेश्वर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को भूमि क्रय से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से समन्वय बनाकर भूमि संबंधी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने देने पर जोर दिया।

इस बीच जिलाधिकारी डॉ. लाठर ने शनिवार को फर्रुखाबाद उप निबंधक कार्यालय का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के बाद एक्सप्रेसवे के पक्ष में बैनामा कराने पहुंचे किसानों को राहत मिली।

उप निबंधक रविकांत ने बताया कि शुक्रवार को 113 विक्रय पत्र तथा शनिवार दोपहर तक करीब 60 विक्रय पत्र प्रस्तावित एक्सप्रेसवे परियोजना के पक्ष में पंजीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि शाम तक यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित