नयी दिल्ली , मई 23 -- दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में रविवार शाम एक भव्य जनजाति सांस्कृतिक समागम का आयोजन किया जा रहा है जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे।
जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले आयोजित इस समागम में देशभर के विभिन्न अंचलों से बड़ी संख्या में जनजाति समाज के महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सहभागी होंगे।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के लिए देश भर से एकत्रित जनजातीय समुदाय के लोग रविवार अपराह्न तीन बजे दिल्ली के पांच विभिन्न स्थानों से विशाल शोभा यात्राएं निकालते हुए लाला किला पहुंचेंगे। ये शोभा यात्राएं राजघाट चौक, रामलीला मैदान, अजमेरी गेट चौक, कुदसिया बाग (कश्मीरी गेट) और श्यामगिरि मंदिर (शास्त्री पार्क बस डिपो के पास) से प्रारंभ होंगी और पारंपरिक जनजातीय संस्कृति एवं गौरव की अद्भुत रंग-बिरंगे दृश्य प्रस्तुत करते हुए लाल किला मैदान तक पहुंचेंगी।
गृह मंत्री शाह सायं 6:00 बजे लाल किला मैदान पर आयोजित भव्य सभा में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सभा में जनजातीय सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक गणेशराम भगत, सह-संयोजक राजकिशोर हांसदा, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम जसपुर (छत्तीसगढ़) के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह खरवार और विभिन्न जनजातीय समुदायों के संगठनों के नेता उपस्थित रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित