श्रीनगर , मार्च 23 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली के लाल किले के पास पिछले साल 10 नवंबर को हुए कार बम विस्फोट मामले की जांच के तहत सोमवार को कश्मीर में नौ स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर, बारामुला, कुपवाड़ा और कुलगाम जिलों में उन व्यक्तियों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली गयी, जिन्हें विस्फोट के पीछे कथित "आतंकी मॉड्यूल" से जुड़ा माना जा रहा है। इस विस्फोट में 11 लोगों की मौत हो गयी थी और 32 अन्य घायल हुए थे।
एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा, "जम्मू-कश्मीर के विभिन्न स्थानों पर नौ जगहों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।"सूत्रों के अनुसार, बारामुला जिले के रफियाबाद निवासी डॉ. बिलाल नसीर मल्ला के घर पर भी तलाशी ली गयी, जिसे इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। कुपवाड़ा जिले के लंगेट क्षेत्र में भी छापेमारी जारी है।
इसके अलावा श्रीनगर के नौगाम इलाके और दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में भी कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित