पटना , जून 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने सोमवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद का परिवार राजनीति में सुविधा भोग के लिए डटा हुआ है और उनका जनता के कल्याण से कोई लेना देना नही है।

श्री प्रसाद ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के बंगले को मंत्री नंदकिशोर राम को आबंटित करने और उन्हें बंगला खाली करने के सरकारी नोटिस पर हुए विवाद पर यूनीवार्ता के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि लालू परिवार की बहुत सी ख्वाहिशें है, जिनमे सरकार में पद पाना,संसद, राज्यसभा,विधानसभा तथा विधान् परिषद की सीटों पर परिवार के सदस्यों को बैठना और बड़े बंगलों में रह कर आराम की जिंदगी जीना है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार राजनीति के मूल मकसद जनसेवा से भटक गया है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से एक दलित मंत्री आबंटित घर के इंतजार में है और राबड़ी देवी बंगले को खाली नही कर रही हैभाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि जनसेवा से भटकाव के चलते ही बिहार विधानसभा की सबसे बड़ी पार्टी राजद पिछले चुनाव में 25 सीटों पर सिमट गया और जनता ने उनको उतनी हीं सीटें दी, जिससे बमुश्किल तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी बचा पाए।

भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि राजद की नेता राबड़ी देवी बेवजह बंगला विवाद को तूल दे रही है। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी का नया बंगला उनके पुराने बंगले से ज्यादा अच्छा है, लेकिन राजनीतिक वजहों से उनकी पार्टी इस मुद्दे को आगे बढ़ा रही है।

श्री प्रसाद ने यह पूछे जाने पर कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी को पद बदलने के बावजूद उनके पुराने बंगले में रहने दिया गया, लेकिन राबड़ी देवी को उनकी इच्छा के विरुद्ध शिफ्ट किया जा रहा है, कहा कि बहाने बनाने के लिए बहुत से तर्क लाये जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह एक सरकारी प्रक्रिया है, जिसके विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष को सम्मान करने चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि राबड़ी देवी इस फैसले का सम्मान करते हुए अपने नए बंगले में शिफ्ट हो जाएँगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित