पटना , अक्टूबर 25 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित 'वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

राजद के शीर्ष नेताओं ने लोकतंत्र की मजबूती, निष्पक्ष चुनाव और जनता के मताधिकार की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए एकजुट होकर रैली को सफल बनाने का आह्वान किया है।

राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने आज यहां बताया कि रैली की सफलता के लिए पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने परिपत्र जारी कर नेताओं और कार्यकर्ताओं से दिल्ली पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए व्यापक जनभागीदारी जरूरी है।

श्री अहमद ने बताया कि इंडिया गठबंधन इस रैली के माध्यम से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेगा। गठबंधन इस मुद्दे पर अपने संघर्ष और आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार समेत देश के विभिन्न हिस्सों में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के जरिए लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग इंडिया गठबंधन के आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित