नयी दिल्ली , सितम्बर 30 -- भारतीय नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती किये जाने की रिपोर्टों के बीच सरकार ने एक बार फिर सलाह दी है कि वे लालच के कारण विदेश विशेष रूप से रूस में सेना में भर्ती की पेशकश को स्वीकार करते समय सावधान रहें और किसी अनजान व्यक्ति के नौकरी दिलाने के वादे के झांसे में न आएं।

विदेश मंत्रालय ने बुधवार को भारतीय नागरिकों की रूस यात्रा के बारे में परामर्श जारी कर कहा है कि कुछ लोग अपनी मर्जी से रूसी सेना में शामिल होने के अवसर खोज रहे हैं। सरकार भारतीय नागरिकोंं को इस बारे में पहले भी कई बार आगाह कर चुकी है।

मंत्रालय ने कहा, " हमें लगातार ऐसी खबरें मिल रही हैं कि भारतीय नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती किया जा रहा है। पिछले दो सालों में सरकार ने कई बार इस काम से जुड़े खतरों और जोखिमों के बारे में बताया है और भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि वे विदेश में नौकरी के मौकों को देखते समय सावधान रहें और किसी अनजान व्यक्ति के नौकरी के ऑफर के झांसे में न आएं।" मंत्रालय ने कहा है कि यह भी पता चला है कि कुछ लोग अपनी मर्ज़ी से रूसी सेना में शामिल होने के अवसर ढूंढते हैं, यह सोचकर कि उन्हें इससे जुड़े पैसे के फायदे मिलेंगे और बाद में वे भारत सरकार से संपर्क करके वहां से निकल सकेंगे। मंत्रालय ने कहा है ," हम फिर से कहते हैं कि यह एक खतरनाक रास्ता है और सरकार इसकी कड़ी मनाही करती है।"परामर्श में कहा गया है कि कई ऐसे मामले भी सामने आए हैं जिनमें लोगों ने अपनी मर्ज़ी से भारतीय नागरिकता छोड़ने, रूसी पासपोर्ट लेने और फिर रूसी सेना में भर्ती होने के लिए भारतीय अधिकारियों से संपर्क किया है। कुछ लोगों ने तो भारतीय अधिकारियों से सलाह लिए बिना ही ऐसा कर लिया है, क्योंकि वे थोड़े समय के पैसे के फायदे के लालच में आ गए थे। सलाह दी जाती है कि लोग ऐसे कामों की गंभीरता पर विचार करें और समझें कि वे खुद को कितनी जानलेवा खतरों में डाल रहे हैं। सरकार भारतीय नागरिकों को सलाह देती है कि वे ऐसे काम न करें।

मंत्रालय ने कहा है कि उसे यह भी पता चला है कि विदेशी नागरिकों को रूसी सेना में सेवा देने के लिए गैर-सरकारी संस्थाओं, जिनमें स्वयंसेवी समूह भी शामिल हैं, द्वारा भर्ती किया जा रहा है। भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसे एजेंटों से नौकरी के ऑफर स्वीकार करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल कर लें जो विदेश मंत्रालय के साथ पंजीकृत नहीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित