रांची , मार्च 23 -- झारखंड के स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा ने 20 वर्षों तक राज्य में शासन किया, लेकिन जनता का विश्वास जीतने में पूरी तरह विफल रही।

आज जामताड़ा जिले के नारायणपुर के शाहरपुर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस जनसभा में स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का भव्य स्वागत किया गया। युवाओं ने कहा कि राज्य में डॉ. इरफान अंसारी जैसा काम करने वाला कोई नहीं है और जनता का विश्वास पूरी तरह उनके साथ है।

डॉ अंसारी ने भाजपा के नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि 20 वर्षों में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मात्र 3 मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए, लेकिन वे भी सही ढंग से संचालित नहीं हो सके। वहीं, उन्होंने दावा किया कि मैने मात्र एक वर्ष के भीतर 8 नए मेडिकल कॉलेजों की दिशा में कार्य कर स्वास्थ्य क्षेत्र को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया, जबकि विकास के क्षेत्र में कोई ठोस कार्य नहीं किया।

डॉ. अंसारी ने बताया कि जामताड़ा जैसे छोटे जिले में भी जल्द मेडिकल कॉलेज की स्थापना होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर ही डॉक्टर तैयार होंगे और लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। उन्होंने घोषणा की कि लालचंडीह से बख्तरफा तक एक बड़ी हाईवे सड़क का निर्माण जल्द किया जाएगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आवागमन सुगम बनेगा। उन्होंने कहा कि जनता की इस मांग को गंभीरता से लिया गया है और विभाग को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं, जल्द ही इसकी स्वीकृति भी मिल जाएगी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने भी मंत्री का स्वागत किया और कहा कि डॉ. अंसारी हमेशा गरीबों की आवाज सुनते हैं और उनका सम्मान करते हैं।

सभा के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा विकास की पटरी से भटक चुकी है और उसका मुख्य उद्देश्य समाज में नफरत फैलाना और भाईचारे को तोड़ना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास के मार्ग पर चलें और एकता बनाए रखें।

इस कार्यक्रम में निशपटी हसदा, बीरबल अंसारी, मुख्तार अंसारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित