श्रीगंगानगर , अप्रैल 13 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ मार्ग पर लालगढ़ सैनिक छावनी के समीप स्थित एक सड़क निर्माण कंपनी के हॉट मिक्सिंग प्लांट में सोमवार को भीषण आग लग जाने से वहां खड़े दो ट्रक पूरी तरह से जलकर राख हो गए, जबकि एक ट्रक का केबिन आंशिक रूप से जल गया।
दमकल विभाग के सूत्रों के अनुसार आज दोपहर बाद करीब चार बजे सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर से दो दमकल वाहन और लालगढ़ सैनिक छावनी से दो आग नियंत्रण वाहन मौके पर पहुंचे। हॉट मिक्सिंग प्लांट में कई वाहन खड़े थे, जिनमें एक तेल से भरा टैंकर भी था। प्लांट से निकली चिंगारी की वजह से आग एक ट्रक से शुरू हुई और तेज हवाओं के कारण तेजी से फैल गई।
दमकल कर्मियों ने तेल वाले टैंकर को हटाने की कोशिश की, लेकिन उसके आगे पड़े मिट्टी के ढेर में फंस जाने के कारण यह संभव नहीं हो सका। दमकल कर्मी, सेना के अग्निशमन कर्मी , प्लांट कर्मचारी, मजदूर और आसपास के गांव वालों के अथक प्रयासों से रात करीब आठ बजे आग पर काबू पाया जा सका।
यह हॉट मिक्सिंग प्लांट सड़क निर्माण के लिए ग्रिट और डामर को मिक्स करके रोड निर्माण के लिए मैटेरियल तैयार करता है। आग लगने का कारण हॉट मिक्सिंग प्रक्रिया के दौरान निकली चिंगारी बताई जा रही है, जो तेज हवा के कारण भड़क उठी। प्लांट में रखे डामर और कोलतार की वजह से आग तेजी से फैली, जिसे बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को पानी के साथ केमिकल फोम का भी इस्तेमाल करना पड़ा। गनीमत रही कि तेल वाले टैंकर तक आग नहीं पहुंच सकी, वरना नुकसान और भी भयानक हो सकता था।
इस अग्निकांड में कुल मिलाकर लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित