नैनीताल , मई 01 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के लालकुआं में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़, धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने और एआई तकनीक के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी डा0 मंजूनाथ टीसी के अनुसार विगत 29 अप्रैल को यह मामला सामने आया था। पीड़िता ने कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर आरोप लगाया कि लगभग दो माह पूर्व इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी के माध्यम से उससे संपर्क किया गया। आरोपी ने खुद को लड़की बताकर बातचीत शुरू की और बाद में निजी जानकारी हासिल कर मोबाइल नंबर ले लिया।
इसके बाद फोन पर संपर्क बढ़ाकर आरोपी ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर एआई तकनीक से अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लालकुआं कोतवाली में धारा 78/79 बीएनएस एवं 7/8 पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता संशोधन अधिनियम-2022 की धारा 3(1)/5(1) भी जोड़ी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित