नैनीताल , अप्रैल 22 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के लालकुआं स्थित मदरसन कंपनी में श्रमिक-प्रबंधन के बीच गतिरोध खत्म होने के बाद बुधवार को श्रमिक काम पर लौट आये हैं और काम शुरू हो गया।

नोएडा श्रमिक विवाद के बाद लालकुआं में भी मदरसन कंपनी के श्रमिक अपनी मांगों को लेकर आंदोलित थे। श्रमिक की ओर से 14 सूत्रीय मांग को लेकर अनशन शुरू कर दिया गया था। इससे प्रशासन हरकत में आ गया।

मंगलवार को प्रशासन, प्रबंधन और श्रमिकों के बीच हुई अहम बैठक के बाद गतिरोध समाप्त हो गया और कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच 12 मांगों पर सहमति बन गई।

इसके बाद श्रमिकों ने बुधवार से काम पर लौटने का वादा किया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज श्रमिक काम पर लौट आए हैं। कंपनी में विधिवत काम शुरू हो गया है। प्रशासन की ओर से एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार से शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय स्तर पर इस समाधान का स्वागत किया जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि अब काम बिना किसी बाधा के आगे बढ़ेगा।

उल्लेखनीय है कि पुलिस प्रशासन ने श्रमिकों के बहाने माहौल बिगाड़ने के आरोप में 20 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आगे कार्रवाई में जुट गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित