हल्द्वानी , जून 26 -- उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में बंद दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की सात वारदातों का खुलासा करते हुए शातिर हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.28 लाख रुपये से अधिक की नकदी, चोरी की एक मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के अनुसार गत 24 मई, नौ जून और 15 जून को लालकुआं क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। एसएसपी ने मामलों के खुलासा के लिए एक टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी के बाद आज दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा (34) निवासी दीना डी क्लास, हल्दूचौड़, कोतवाली लालकुआं, जिला नैनीताल तथा राजू बहादुर (22) निवासी फॉरेस्ट कंपाउंड, बजरी कंपनी, लालकुआं, जिला नैनीताल के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने कोतवाली लालकुआं के चार, थाना मुखानी के दो और थाना काठगोदाम के चोरी की घटना करने की बात कुबूल की। पुलिस ने उनके कब्जे से 2,28,200 रुपये की चोरी की नकदी, एक मोटरसाइकिल तथा चोरी की रकम से खरीदा गया वीवो मोबाइल फोन बरामद किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और गल्लों से नकदी चोरी करता था, जबकि उसका साथी राजू बहादुर बाहर निगरानी रखता था। चोरी की रकम दोनों नशे और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे।

पुलिस के अनुसार पिद्दा एक हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ लालकुआं, हल्द्वानी, मुखानी और काठगोदाम थानों में चोरी, नकबजनी, लूट की तैयारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं वहीं उसके साथी राजू बहादुर के खिलाफ भी 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित