बैतूल , अक्टूबर 26 -- लायंस क्लब बैतूल सिटी की ओर से रविवार को स्थानीय पुलिस ग्राउंड में खेल अभ्यास करने वाले प्रतिभागियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक एकाग्रता और तनाव प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था।

कार्यशाला की शुरुआत बॉडी स्ट्रेचिंग और वार्मअप अभ्यास से हुई। इसके बाद आर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षित शिक्षिका डॉ. निहारिका भावसार ने प्रतिभागियों को योगिक ब्रीदिंग, भस्त्रिका प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। इस दौरान श्रीश्री रविशंकर द्वारा निर्देशित ध्यान प्रक्रिया भी कराई गई।

लायंस क्लब बैतूल सिटी के अध्यक्ष डॉ. संतोष जायसवाल ने कहा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक शांति और संतुलन भी जरूरी है। नियमित योग और ध्यान से तनाव कम करने तथा एकाग्रता बढ़ाने में मदद मिलती है। प्रशिक्षिका डॉ. भावसार ने कहा कि प्राणायाम और ध्यान खिलाड़ियों का मानसिक संतुलन मजबूत करने में सहायक हैं, जिससे वे खेल के मैदान में सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ उतर सकते हैं। अभ्यास के बाद कई प्रतिभागियों ने मन शांत होने और तनाव में कमी महसूस करने की बात कही।

कार्यक्रम में लायंस क्लब के वरिष्ठ सदस्य रामप्रकाश गुगनानी, एच.एस. रघुवंशी, जितेंद्र कपूर, नीरजा श्रीवास्तव, संध्या जायसवाल, नीलम दुबे, संदीप गुप्ता, दीपक पाल, हरीश गड़ेकर, विवेक पटेल और अरुण चौधरी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में क्लब सचिव अनिल दुबे ने आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित