अगरतला , जुलाई 06 -- त्रिपुरा पुलिस ने शहर की सड़कों पर रविवार को एक किशोर के कथित रूप से लापरवाही और खतरनाक ढंग से मोटरसाइकिल चलाते पकड़े जाने के बाद उसके माता-पिता पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया। यातायात अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई संशोधित मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199ए के तहत की गई है। इस धारा के अनुसार, यदि कोई नाबालिग मोटर वाहन चलाते हुए पाया जाता है, तो उसे वाहन चलाने की अनुमति देने वाले उसके माता-पिता, अभिभावक अथवा वाहन के पंजीकृत स्वामी को इसके लिए जिम्मेदार माना जाता है।
पुलिस के अनुसार, यातायात जांच के दौरान पंजीकरण संख्या टीआर01एएन7801 वाली एक मोटरसाइकिल को पुलिस ने कथित रूप से लापरवाही एवं खतरनाक ढंग से चलाए जाने पर रोका गया। जांच में पुष्टि हुई कि वाहन चला रहा किशोर 18 वर्ष से कम आयु का था और कानून के अनुसार वह ड्राइविंग लाइसेंस रखने का पात्र नहीं था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित