हमीरपुर , मई 05 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने कार्य में लापरवाही और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में विफल रहने पर मझगवां थाना प्रभारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना मझगवां के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार पर अनुशासनहीनता, सरकारी कार्यों में रुचि न लेने और आमजन की शिकायतों को गंभीरता से न लेने के आरोप पाए गए। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य थाना प्रभारियों में हड़कंप मच गया है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका ईमानदारी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। एसपी की इस सख्ती को पुलिस व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित