चंडीगढ़ , जुलाई 20 -- हरियाणा के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने भिवानी में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में 13 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें से 11 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये गये।
बैठक के दौरान मुंढाल खुर्द निवासी ऋषिकेश के डाकघर की आरडी खाते से जुड़े मामले में गंभीर लापरवाही पाये जाने पर मंत्री ने डाकघर अधीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये। साथ ही मामले की जांच पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा को सौंपने को कहा।
श्री नागर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि नागरिकों को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान बिजली संबंधी फॉल्ट तत्काल दूर किये जाएं और पेयजल पाइपलाइन की लीकेज को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाये।
बैठक में फैंसी चौक निवासी धर्म सिंह के मामले में मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये गये। सेवा नगर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए पुलिस की सहायता से पाइपलाइन बिछाने के आदेश दिये गये। इसके अलावा ग्रीन बेल्ट में पार्क विकसित करने, शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने, गंदे पानी की समस्या का 10 दिनों में समाधान करने और जल लीकेज का वार्डवार सर्वे कराने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित