चित्तौड़गढ़ , मार्च 23 -- राजस्थान में चितौड़गढ जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र में लापता तीन युवकों में से एक का शव कुंए में मिलने, दूसरे के घायल होने एवं तीसरे के अब भी लापता होने से मामले ने पुलिस को उलझा दिया है।

थानाधिकारी मोतीराम सारण ने सोमवार को बताया कि कृष्णपाल सिंह ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि उसका सगा भाई सूर्यभानसिंह एवं चचेरा भाई चैनसिंह शनिवार सुबह से लापता हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनकी तलाश शुरु की तो पता चला कि उनके साथ एक और युवक ललित नागदा भी था, जो जिला अस्पताल में घायलावस्था में भर्ती मिला। उसके कुल्हे की हड्डी टूटी हुई थी।

श्री सारण ने बताया कि पूछताछ में युवक ने बताया कि वे तीनों चंदेरिया थाना क्षेत्र में बिरला सीमेंट स्थित बेड़च नदी के बाबा घाट गये थे, जहां वह दोनों को छोड़कर मोटर साइकिल से लौटकर आ रहा था कि रास्ते में एक खेत पर मोटर साइकिल के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से वह बेहोश हो गया था। इसके अलावा उसे कुछ पता नहीं।

उन्होंने बताया कि रविवार रात ही चंदेरिया एवं कोतवाली पुलिस बाबा घाट पहुंची तो रात को ही सूर्यभान का शव वहां स्थित कुंए से मिल गया, दूसरे के भी कुंए में होने की आशंका के चलते आज दिन भर आपदा राहत दल ने कुंए में तलाशी ली, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शाम को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जबकि लापता चैनसिंह की तलाश जारी है। उसके मिलने के बाद ही यह गुत्थी सुलझ पाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित