भीलवाड़ा , अक्टूबर 12 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के गंगापुर क्षेत्र में शिवरती गांव में खेत पर गई एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई।
थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने सोमवार को बताया कि नारायण जाट की पत्नी प्रेम देवी (60) रोजाना की तरह 10 अक्टूबर को खेत पर गई थीं, लेकिन लौटकर नहीं आई। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके तलाश शुरू की।
आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे ग्रामीणों को कुएं की मुंडेर पर प्रेम देवी की चप्पल पड़ी मिली। इससे कुएं में महिला के होने की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुएं में पानी अधिक होने के कारण दो मोटरें लगवाकर पानी कम करवाया। इसके बाद कड़ी मशक्कत से महिला का शव बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित