उमरिया , मई 19 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरमनिया के जंगल में 14 मई से लापता 15 वर्षीय किशोर का क्षत-विक्षत शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मानपुर के वार्ड क्रमांक 8 में कैमोर जिला कटनी से अपने मामा के यहां आया मयंक चौधरी 14 मई की शाम से अचानक लापता हो गया था। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी।
सोमवार को मानपुर से लगे ग्राम सरमनिया के जंगल में किशोर का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जो आरोपियों तक पहुंचने में सहायक हो सकते हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि किशोर की हत्या की गई है और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित