जम्मू , अक्टूबर 19 -- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) के लापता होने और उनकी हत्या के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि परिजनों ने 15 अक्टूबर को पुलिस चौकी त्रिगाम से एसपीओ बशीर अहमद और उनके सर्विस हथियार के लापता होने की सूचना दी थी। जानकारी मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस की कई टीमों ने बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया, "अगले दिन तलाशी के दौरान पुलिस को त्रिगाम जंगल के सेरान वानी इलाके में एक नाले के गड्ढे में दबाया गया एसपीओ का शव और उनका सरकारी हथियार मिला।"प्रवक्ता ने बताया कि शव बरामद होने के बाद किश्तवाड़ पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने त्रिगाम के सेरान वानी निवासी बशीर अहमद डार और नजीर अहमद डार के रूप में दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने एसपीओ की हत्या की साजिश और उसकी वजह का पूरा सच उगल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित