रांची , मार्च 19 -- झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के कोमो जंगल के पास मुख्य मार्ग पर खड़ी एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है।
जब्त मादक पदार्थ की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। इस संबंध में लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने गांजा बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
पुलिस सूत्रों से मिलि जानकारी के अनुसार, एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि मवेशियों के चारे से लदी एक ट्रक में चारे की बोरियों के भीतर गांजा छिपाकर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक टीम का गठन किया। थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर विक्रांत उपाध्याय और राहुल सिन्हा ने वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें चारे की बोरियों के बीच छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद किए गए। बाद में दंडाधिकारी के रूप में सीओ नंदकुमार राम की मौजूदगी में ट्रक की विस्तृत जांच की गई, जिसमें लगभग 150 से अधिक पैकेट गांजा मिला।
पुलिस के अनुसार, एक पैकेट में करीब 3 से 5 किलोग्राम गांजा होने का अनुमान है। बाजार में इसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये प्रति किलोग्राम बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है और तस्करी के इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित