लातूर , नवंबर 4 -- महाराष्ट्र के लातूर के चंद्रकांत परिहार ने मात्र 2.5 एकड़ जमीन पर अमरूद की खेती से 12 लाख रुपये की कमाई की है। उनकी इस सफलता से प्रभावित होकर राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने उन्हें फोन कर विशेष रूप से बधाई दी है। राज्यपाल ने लातूर जिले के अपने आगामी दौरे के दौरान इस किसान के बाग का दौरा करने की इच्छा भी जताई है।

ऐसे समय में जब सूखे की स्थिति ने पूरे महाराष्ट्र में कृषि को बुरी तरह प्रभावित किया है, लातूर जिले के औसा तालुका के बनेगांव के इस प्रगतिशील किसान ने यह साबित कर दिया है कि कुशल जल प्रबंधन और प्राकृतिक खेती के तरीकों से प्रतिकूल परिस्थितियों में भी शानदार परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

इस वर्ष लातूर में वार्षिक औसत से काफी कम बारिश हुई है, जिससे भूजल स्तर में गिरावट आई है और किसानों के लिए गंभीर संकट पैदा हो गया है। जहां पर्याप्त सिंचाई सुविधाओं के अभाव में अन्य किसान अपनी फसलें बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं परिहार ने ड्रिप सिंचाई और प्राकृतिक खेती की तकनीकों का उपयोग करके अपने अमरूद के बाग को सफलतापूक जीवंत रखा है।

उन्होंने अपने 2.5 एकड़ खेत में 'ताइवान पिंक' किस्म के अमरूद की खेती की और काफी सावधानी से बाग की देखभाल की। प्रतिकूल मौसम और पानी की भारी कमी के बावजूद उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाले अमरूद का उत्पादन किया, जिससे उन्हें 12 लाख रुपये की आय हुई। उनके द्वारा उगाए गए फलों की मांग महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से आ रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित