भोपाल , फरवरी 23 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में आज मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'लाड़ली बहना योजना' की राशि बढ़ाए जाने को लेकर न केवल सरकार से सवाल किए, बल्कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के जवाब से असंतुष्ट होकर बहिर्गमन भी किया।

प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक महेश परमार ने महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से पूछा कि ये योजना शुरु किए जाने के समय इसकी राशि तीन हजार रुपए प्रतिमाह तक किए जाने की घोषणा की गई थी। इस योजना के तहत 21 साल से लेकर 60 साल तक की महिलाओं को राशि दिए जाने का प्रावधान है। योजना लागू होने के बाद से जितनी महिलाओं की उम्र 21 साल तक पहुंच गई है, उनके लिए नए पंजीयन कब शुरु किए जाएंगे और महिलाओं को प्रति माह मिलने वाली राशि तीन हजार रुपए कब तक होगी।

उन्होंने सरकार के दो मंत्रियों विजय शाह और करण सिंह वर्मा के पूर्व में लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं को लेकर दिए गए कथित बयानों का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि सरकार ने जिस वर्ग के साथ सर्वाधिक धोखा किया है, वे इस योजना की हितग्राही महिलाएं ही हैं।

अपने जवाब में मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि मार्च 2023 से शुरु हुई इस योजना में 18 हजार 528 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किया जा चुका है। रक्षाबंधन पर हितग्राही महिलाओं को 250 रुपए की अतिरिक्त राशि भी दी गई। इस राशि को तीन हजार तक किए जाने की घोषणा पर भी काम चल रहा है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने योजना में नए पंजीयन के संबंध में मंत्री सुश्री भूरिया से सवाल किया, जिस पर उन्होंने कहा कि ये बता पाना संभव नहीं है। इस पर कांग्रेस के सदस्यों ने हंगामा करना शुरु कर दिया। श्री सिंघार ने सरकार की वित्तीय व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।

इसी बीच सदन में उपस्थित मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि जब ये योजना शुरु की गई थी तो कांग्रेस के सदस्यों ने ये कह कर सवाल उठाए थे कि ये सिर्फ चुनावी नजरिए की घोषणा है, लेकिन सरकार ने ये योजना लागू की और इसकी राशि अब एक से बढ़ाकर डेढ़ हजार रुपए प्रतिमाह तक कर दी गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के घोषणापत्र में इसकी राशि पांच साल में तीन हजार रुपए तक बढ़ाए जाने की बात है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने एक दोहा पढ़ा, जिससे असंतुष्ट होकर कांग्रेस विधायकों ने बहिर्गमन कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित