उमरिया , अक्टूबर 14 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को उमरिया जिले के गुरुवाही में आयोजित लाड़ली बहना योजना सम्मेलन में प्रदेश की लगभग एक करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं के बैंक खातों में योजना की 41वीं किश्त के रूप में 1,500 रुपये प्रति महिला की दर से राशि अंतरित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री 144 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे।

योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना तथा परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी मजबूत करना है। सामान्य पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह 1,500 रुपये और सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली पंजीकृत पात्र महिलाओं को योजना के प्रावधानों के अनुसार 900 रुपये की सहायता दी जाती है। राशि आधार से जुड़े और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के लिए सक्रिय बैंक खातों में जमा की जाती है।

योजना के तहत जून 2023 से सितंबर 2026 तक 40 किश्तों का भुगतान किया जा चुका है। अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थियों को 250-250 रुपये की विशेष सहायता भी दी गई थी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना में 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री कुल 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इनकी कुल लागत 14,415.93 लाख रुपये है। इनमें 8,731.55 लाख रुपये के 68 कार्यों का लोकार्पण और 5,684.41 लाख रुपये के 68 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। ये कार्य बांधवगढ़ और मानपुर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित