बड़वानी , अगस्त 31 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी शहर स्थित लाडली बहना वाटिका में शनिवार रात से लगातार सांप दिखाई देने के बाद पार्क की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल को तत्काल ठीक कराने की मांग की है।

पार्क में सैर करने पहुंचे लोगों के अनुसार अलग-अलग हिस्सों में छोटे-बड़े करीब 12 सांप दिखाई दिए, जिनमें कुछ को जहरीला बताया गया है। सांपों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्क में आने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भय का माहौल है।

पार्क के केयरटेकर फरहान शेख ने बताया कि करीब एक दर्जन सांप दिखाई देने के बाद उन्होंने नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष एवं वार्ड क्रमांक नौ के पार्षद राकेश सिंह जाधव को इसकी जानकारी दी। इसके बाद जाधव स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और एहतियात के तौर पर पार्क के गेट बंद करवा दिए। उन्होंने लोगों से फिलहाल पार्क में नहीं आने की अपील की।

श्री जाधव ने आरोप लगाया कि पार्क की पिछली बाउंड्रीवॉल नाले की ओर से क्षतिग्रस्त है, जिसके खुले हिस्से से सांपों के अलावा आवारा कुत्ते और मवेशी भी प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने शाम के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने तथा पार्क में कभी-कभी असामाजिक तत्वों और नशा करने वालों के जमा होने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने क्षतिग्रस्त दीवार का तत्काल पुनर्निर्माण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गेटों पर नियंत्रण और नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की। उनके अनुसार पार्क में सुबह करीब 150 से 200 और शाम को 200 से 250 लोग सैर करने पहुंचते हैं।

आरोपों पर बड़वानी नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी सोनाली शर्मा ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल नाले के पास है और वहां फिलहाल रिटेनिंग वॉल का निर्माण चल रहा है। इसका काम पूरा होने के बाद बाउंड्रीवॉल का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने पार्क में प्रकाश और सफाई व्यवस्था पर्याप्त होने का दावा किया। श्रीमती शर्मा ने बताया कि सांप दिखाई देने की जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका ने वन विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित