उधम सिंह नगर , मार्च 18 -- "ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड" अभियान के तहत उत्तराखंड के कुमाऊँ पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। कुमाऊं की विशेष अभियान कार्य बल (एसओटीएफ) और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने 122.25 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार लालपुर क्षेत्र में गुरुद्वारे वाली गली के पास चौकी लालपुर पुलिस और एसओटीएफ टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी।
इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 122.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी ने अपना नाम संतोक सिंह (42) निवासी लालपुर, किच्छा बताया। उसके खिलाफ थाना किच्छा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी सितंबर 2025 में स्मैक तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। जेल से रिहा होने के बाद वह दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित