ग्वालियर , मार्च 14 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर एक 84 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर के घासमंडी मद्दी का बाजार निवासी उसाद्दीन मोहम्मद उर्फ पेंशनर (84) ने शिकायत में बताया कि 19 फरवरी की शाम वह घर पर मोबाइल में फेसबुक देख रहे थे। इसी दौरान उन्हें घर बैठे लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें एपीके फाइल के रूप में एक लिंक दी गई थी।
बैंक में लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होने के कारण उन्होंने उस लिंक पर क्लिक कर फाइल ओपन कर दी। फाइल खुलते ही उनका मोबाइल हैंग हो गया और अगले दिन सुबह तक सामान्य नहीं हुआ।
मोबाइल ठीक होने पर उन्हें बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से रुपये ट्रांसफर होने के संदेश प्राप्त हुए। बैंक पहुंचकर जानकारी लेने पर पता चला कि उनके खाते से लगभग 95 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं।
बुजुर्ग ने बताया कि न तो उनके पास कोई ओटीपी आया और न ही उन्होंने स्वयं कोई ट्रांजेक्शन किया। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ई-जीरो एफआईआर के माध्यम से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित