भिण्ड , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार बिजली दफ्तर में तैनात कनिष्ठ अभियंता (जेई) नवीन शुक्ला और बाबू सुघर सिंह दोहरे को सरकारी धन में हेराफेरी के आरोप में निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई भिण्ड महाप्रबंधक ने करते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार लहार बिजली दफ्तर के काउंटर पर बिल के रूप में जमा होने वाली राशि को सरकारी बैंक खाते में जमा कराने के बजाय कथित रूप से हड़प लिया गया। शुरुआती जांच में जेई नवीन शुक्ला और बाबू सुघर सिंह दोहरे पर राशि में गड़बड़ी के आरोप सही पाए गए हैं।

उप महाप्रबंधक और प्रबंधक की शुरुआती जांच में पिछले तीन महीनों के दौरान करीब दो लाख 73 हजार रुपये के सरकारी धन के गबन का मामला सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार जांच आगे बढ़ने पर हेराफेरी की राशि बढ़ सकती है।

सहायक अभियंता मयंक अरजरिया ने बताया कि धनराशि में हेराफेरी के चलते दोनों कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित